*रमज़ान और ईद को लेकर गोरखपुर में हाई अलर्ट*
*एसपी सिटी निमिष पाटिल का फ्लैग मार्च—“ त्यौहार में खलल डालने वालों पर सख्त कार्रवाई”*
गोरखपुर। पवित्र रमज़ान माह और आगामी ईद के त्योहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर एसपी सिटी निमिष पाटिल के नेतृत्व में शहर के प्रमुख बाजारों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के तहत सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने भारी पुलिस बल के साथ घोष कंपनी से मदीना मस्जिद, घंटाघर, रेती चौक और नखास चौक तक पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया और लोगों से संवाद भी किया।
रमज़ान और ईद की खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी भीड़ और रौनक को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती है। भीड़भाड़ के बीच चोरी, उचक्कागिरी और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
फ्लैग मार्च में इंस्पेक्टर अवधेश तिवारी, नखास चौकी इंचार्ज दुर्गेश कुमार वैश्य, दुर्गाबाड़ी चौकी इंचार्ज संदीप कुमार चौधरी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि रमज़ान और ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति त्योहार में खलल डालने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो। साथ ही भीड़भाड़ में खरीदारी के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।
एसपी सिटी ने भरोसा दिलाया कि गोरखपुर पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है और रमज़ान व ईद को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी के साथ मैदान में डटी है।
