*पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी*
*शाहपुर क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस आत्महत्या और अन्य पहलुओं पर कर रही जांच*
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। यह घटना बौलिया कॉलोनी स्थित पोखरे के पास की बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। युवक के गले में फंदा लगा हुआ था, जिसके आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अन्य संभावनाओं को भी नजरअंदाज नहीं कर रही है।
घटनास्थल पर फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी निमिष पाटील भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर मौजूद लोगों से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों में युवक की तस्वीर भेजकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसपी सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
