*प्रशासनिक पद से सेवानिवृत्त हुए डॉ एके चौधरी, हुआ सम्मान*
एसीएमओ आरसीएच के तौर पर सफल दायित्व के लिए हुई सराहना
अगले तीन वर्षों तक बतौर सरकारी चिकित्सक योगदान देंगे डॉ चौधरी
*गोरखपुर।* अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रशासनिक पद से डॉ एके चौधरी बुधवार को सेवानिवृत्त हो गये। निर्धारित प्राविधान के अनुसार वह अब अगले तीन वर्षों तक बतौर सरकारी चिकित्सक योगदान देंगे। प्रशासनिक पद से सेवानिवृत्त होने पर सीएमओ डॉ राजेश झा सहित जिले के कई वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान एसीएमओ आरसीएच के तौर पर सफल दायित्व निभाने के लिए उनकी सराहना भी की गयी।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि डॉ चौधरी की अगुवाई में जिले की हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग टॉप टेन में बनी रही। पैथालॉजिकल सैम्पल ट्रांसपोर्ट, सिटी पॉलीक्लिनिक और बीपीएचयू की क्रियाशीलता सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह स्वास्थ्य महकमे में काफी लोकप्रिय रहे और सभी कार्यक्रमों और जिम्मेदारियों का बढ़ चढ़ कर निर्वहन किया है। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ नंदलाल कुशवाहा, डिप्टी सीएमओ डॉ अनिल सिंह, डॉ अश्वनी चौरसिया, डॉ एसके मिश्रा, डीएमओ अंगद सिंह, डीपीएम पंकज आनंद, डीएचईआईओ केएन बरनवाल और उपेंद्र मणि त्रिपाठी सहित कई विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ चौधरी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व प्रकाश डाला।
62 वर्षीय डॉ एके चौधरी ने वर्ष 1992 में सरकारी क्षेत्र में बतौर चिकित्सा अधिकारी प्रैक्टिस की शुरुआत की थी। वह गोरखपुर के उनवल में चिकित्सा अधिकारी और जंगल कौड़िया में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रहे। उनकी तैनाती विभिन्न पदों पर महराजगंज और देवरिया जिलों में भी रही है। डॉ चौधरी ने सौ शैय्यायुक्त टीबी अस्पताल में अधीक्षक पद और नगर निगम में बतौर नगर स्वास्थ्य अधिकारी सफल योगदान दिया है।
