गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महानगर सचिव आफताब अहमद ने पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई की मार से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ने का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ता है, जिससे खाद्य पदार्थों समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार वृद्धि होती है।
आफताब अहमद ने कहा कि आज गरीब, किसान, मजदूर, रिक्शा चालक, छोटे दुकानदार और मध्यम वर्गीय परिवार बढ़ती महंगाई से सबसे अधिक प्रभावित हैं। रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों ने घरेलू बजट को बिगाड़ दिया है और आम लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। जनता को राहत देने के बजाय सरकार लगातार महंगाई का बोझ बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल-डीज़ल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी कर जनता पर अतिरिक्त भार डाल दिया जाता है। सरकार को चाहिए कि वह आम लोगों की परेशानियों को समझे और पेट्रोल, डीज़ल तथा रसोई गैस की कीमतों में राहत देकर जनता को महंगाई से निजात दिलाए।
आफताब अहमद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी। जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।

