*अब मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में भी हो रहा है एचपीवी वैक्सीनेशन*

अब तक करीब 200 बच्चियों का मेलों में हो चुका है टीकाकरण

*गोरखपुर।* जनपद में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अब मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में भी एचपीवी वैक्सीनेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से अब तक विभिन्न मेलों में करीब 200 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है।

रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी गोरखपुर डॉ. राजेश झा ने जंगल कौड़ियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एचपीवी टीकाकरण गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से टीकाकरण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर सीएमओ ने अभिभावकों एवं आमजन से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बच्चियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और बालिकाओं के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं इस सुरक्षा कवच का लाभ प्राप्त कर सकें। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होने से अब ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बालिकाओं तक भी यह सेवा आसानी से पहुंच रही है।

इसी क्रम में गगहा विकास खंड के हाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित एचपीवी टीकाकरण गतिविधियों का विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की टीम द्वारा सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया गया। टीम ने टीकाकरण सत्र की प्रक्रियाओं, लाभार्थियों के पंजीकरण, वैक्सीन प्रबंधन तथा अभिलेखों का अवलोकन किया।

सीएमओ डॉ झा ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading