
लखनऊ। पत्रकारों के हित, सुरक्षा और सम्मान के लिए कार्यरत राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ ने सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को सर्वसम्मति से संगठन का राष्ट्रीय संरक्षक मनोनीत किया है। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने विधायक का अंगवस्त्र, पुष्पमाला, सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। संघ के उत्तर प्रदेश प्रभारी दिलीप द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष के.डी. सिंह ने डॉ. राजेश्वर सिंह को अंगवस्त्र, सम्मान पत्र एवं पुष्प भेंट किए। वहीं दिलीप द्विवेदी ने उन्हें उतरावां धाम के प्राचीन बजरंग बली के पार्थिव सिद्ध विग्रह का स्मृति चिन्ह तथा राष्ट्रीय संरक्षक का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने पत्रकारों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि आज अनेक पत्रकार संगठन कार्यरत हैं, लेकिन क्षेत्रीय पत्रकारों को अभी भी मानसिक, आर्थिक और शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना अथवा आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में पत्रकारों के परिवारों को पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाती। उन्होंने संगठन को प्रत्येक तीन माह में पत्रकार हितों को लेकर बैठक, गूगल मीट और सोशल मीडिया के माध्यम से परिचर्चा आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि संगठन में ऐसे पत्रकारों को भी जोड़ा जाना चाहिए, जो कम से कम तीन से पांच वर्षों से किसी मीडिया संस्थान या बैनर से जुड़े होकर कार्य कर रहे हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि आकस्मिक मृत्यु, दुर्घटना अथवा बेटी के विवाह जैसी परिस्थितियों में जरूरतमंद पत्रकारों की सहायता के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए बीमा तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं को लागू कराने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से बात रखी जाएगी। बताया गया कि संगठन नीति आयोग में पंजीकृत है और देश के 13 राज्यों में कार्यरत है। संगठन अब तक 370 से अधिक पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहायता कर चुका है। समारोह में संस्थापक दिनेश दीक्षित, विधिक सलाहकार विशाल कुमार सिंह, संतोष उपाध्याय, संजय सिंह चौहान, मुकुल मिश्रा, राहुल सिंह, सरदार हरजीत सिंह, नवनीत द्विवेदी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
