*गोरखपुर में आकाशीय बिजली से हादसे का सीएम योगी ने लिया संज्ञान*


*पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की सहायता, घायलों के समुचित उपचार के निर्देश*


गोरखपुर। गुरु गोरक्षनाथ घाट पर आकाशीय बिजली गिरने से हुए हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। हादसे में एक अधिवक्ता की मौत और एक के घायल होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हादसे में घायल लोगों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जरूरत पड़ने पर उन्हें उच्चस्तरीय उपचार के लिए अन्य चिकित्सा संस्थान में भी भेजने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी लेते हुए प्रभावित परिवार को नियमानुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आकाशीय बिजली गिरने से हुई अधिवक्ता आलोक अस्थाना की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए। साथ ही घायल अधिवक्ता को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा उपचार की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं सहायता संबंधी कार्रवाई तेज कर दी है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों तक समय से सहायता पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading