*हादसे की खबर सुन बिना सूचना पहुंचे चन्द्रशेखर आजाद, शमशाद आलम राईन का पूछा कुशलक्षेम*
*बाल-बाल बचे वरिष्ठ समाजसेवी, ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई कार आजाद बोले- ईश्वर ने बड़े हादसे से महफूज रखा, समाज को शमशाद भाई जैसे लोगों की जरूरत*
*कुशलक्षेम के साथ हुई सियासी चर्चा, राईन समाज की समस्याओं पर भी हुआ संवाद*
गोरखपुर। वरिष्ठ समाजसेवी, प्रतिष्ठित कारोबारी एवं कई स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधक एडवोकेट शमशाद आलम राईन की कार में ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन एडवोकेट शमशाद आलम राईन और उनके चालक बाल-बाल बच गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर नगीना के सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद बिना किसी पूर्व सूचना के उनके आवास पर पहुंचे और आत्मीयता के साथ उनका कुशलक्षेम पूछा।
चन्द्रशेखर आजाद के साथ प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री डा. मसूद अहमद भी पहुंचे। आवास पर पहुंचने पर दोनों का भव्य स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। इस दौरान हादसे पर अफसोस जताते हुए सांसद चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि एडवोकेट शमशाद आलम राईन जैसे लोगों की समाज को आवश्यकता है। ईश्वर ने उन्हें बड़े हादसे से महफूज रखा, यह हम सभी के लिए बड़ी नेमत है।
उन्होंने कहा कि उनका कोई निर्धारित कार्यक्रम नहीं था, बल्कि वह विशेष रूप से शमशाद आलम राईन से मिलने और उनका हालचाल जानने के इरादे से उनके आवास पर आए हैं। उन्होंने कहा कि देश में चल रहे हालात को बदलने के लिए शमशाद भाई जैसे लोगों की जरूरत है। अच्छे स्वभाव और समाज के प्रति समर्पित लोग ही सकारात्मक परिवर्तन की राह तैयार कर सकते हैं।
पूर्व शिक्षा मंत्री डा. मसूद अहमद ने भी शमशाद आलम राईन का कुशलक्षेम पूछा और कहा कि उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित देखकर सभी को बेहद खुशी हुई। इसके बाद दोनों के बीच विभिन्न सामाजिक एवं सियासी मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
एडवोकेट शमशाद आलम राईन ने सांसद चन्द्रशेखर आजाद के अचानक घर पहुंचकर कुशलक्षेम पूछने पर उनका आभार व्यक्त किया। बातचीत के दौरान उन्होंने मुल्क की तरक्की के साथ राईन समाज की प्रमुख समस्याओं और मुद्दों से भी सांसद को अवगत कराया। चन्द्रशेखर आजाद ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और देश को मजबूत बनाने के लिए हम सभी को मिलकर मजबूती से आवाज उठाने की जरूरत है।
इस अवसर पर देवीपाटन मंडल के प्रभारी मोहम्मद आबिद राईन का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के शेर अली खान, सुनील कुमार गौतम, गौरव सिंह, मेराज अहमद, आशीष कुमार, मोहम्मद उबैद, मोहम्मद नायाब, मोहम्मद अफसर, प्रदेश सचिव अनिकेत भानुक, देवेन्द्र चौधरी, शकील अहमद, विनय कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
