
मुख्यमंत्री के निर्देश पर उप जिलाधिकारी कैंपियरगंज ने तत्काल पैमाइश कराने का दिया आदेश
गोरखपुर। पीपीगंज नगर पंचायत के साहबगंज वार्ड नंबर-2 स्थित हनुमत नगर, बंधुपुर में खलिहान की सरकारी जमीन की पैमाइश और बाउंड्री वॉल निर्माण कराने की मांग को लेकर वार्ड के सभासद एडवोकेट रामानंद (दाढ़ी वाले) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्रक सौंपा।
सभासद ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि आराजी संख्या 1627 मि. खतौनी में खलिहान के रूप में दर्ज है, जो सरकारी भूमि है। उक्त भूमि की पैमाइश कराकर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, जिससे सरकारी जमीन सुरक्षित हो सके और क्षेत्र के लोगों को भी सुविधा मिल सके।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उक्त आराजी की पैमाइश कराने तथा बाउंड्री वॉल निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में उप जिलाधिकारी कैंपियरगंज ने तत्काल प्रभाव से जमीन की पैमाइश कराने का आदेश जारी किया।
इस संबंध में सभासद एडवोकेट रामानंद (दाढ़ी वाले) ने बताया कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कर सुरक्षित रखने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट, प्रयागराज का आदेश भी पारित है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन की पैमाइश कराकर उसे सुरक्षित करने की दिशा में प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई क्षेत्र के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
