असलहे संग घुसे यूपी के सिपाही को नेपाल पुलिस ने पकड़ा
यूपी पुलिस का एक सिपाही वर्दी व सरकारी असलहे के साथ सोनौली बॉर्डर से नेपाल सीमा में घुस गया। इस पर नेपाल पुलिस ने सिपाही को पकड़ लिया। इससे हड़कंप मच गया। घंटेभर चली पूछताछ के बाद नेपाल के पुलिस अधिकारियों ने कांस्टेबल को भारतीय सीमा में लौटने की इजाजत दी। सिपाही की तैनाती लखनऊ में बताई जा रही है।
बताया गया कि सिपाही किसी व्यक्ति के साथ वह इंडो-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर आया था। नियम-कानून से अनजान कांस्टेबल साथी के साथ असलहा लिए नेपाल सीमा में प्रवेश कर गया। नेपाल के भंसार कार्यालय तक पहुंचने के बाद वहां के पुलिसकर्मियों की उस पर नजर पड़ी। इसके बाद पुलिस ने कांस्टेबल को तत्काल पकड़ लिया। नेपाल पुलिस कार्यालय में घंटेभर उसे बैठाकर पूछताछ होती रही।
सोनौली चौकी प्रभारी अनघ कुमार का कहना है कि एक मीडियाकर्मी के साथ गनर लखनऊ से आया था। जानकारी के अभाव में वह नेपाल सीमा में दाखिल हो गया। नेपाल पुलिस ने पूछताछ के बाद वापस भारतीय सीमा में छोड़ दिया।
