*नगर निगम के नाला निर्माण से दरके दर्जनों मकान, स्थानीय लोगों में आक्रोश*
गोरखपुर। बशारतपुर के गंगानगर इलाके में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण कार्य से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चेतन तिराहे के पास जेसीबी मशीन से की जा रही खुदाई के कारण इलाके के कई मकानों में दरारें आ गई हैं, जिससे लोगों में भय और नाराजगी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम पिछले तीन महीनों से यहां खुदाई और तोड़फोड़ का काम कर रहा है, लेकिन धीमी गति के कारण उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। प्रभावित लोगों का कहना है कि इस निर्माण कार्य ने उनकी रोजी-रोटी और व्यापार को बुरी तरह प्रभावित किया है।
इलाके के निवासी राम रतन प्रजापति, रामानंद प्रजापति, दशरथ प्रजापति, फुलेना प्रसाद, डॉ. लल्लन प्रसाद और हरिओम सहित कई लोगों ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अगर जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए और मकानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाए, ताकि वे सुरक्षित महसूस कर सकें।
नगर निगम की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही कोई ठोस कदम उठाकर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।
