*जिले को मिलीं 65 नई एम्बुलेंस, 28 को मेयर और सांसद ने दिखाई हरी झंडी*

108 नंबर की 24 और 102 नंबर की 41 एम्बुलेंस, नई एम्बुलेंस से बदली जाएंगी

कुल 96 बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस का जिले में हो रहा है संचालन

*गोरखपुर।* जिले में संचालित की जा रही 96 बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस में से 65 के स्थान पर नई एम्बुलेंस मिल गई हैं। इनमें से 28 एम्बुलेंस जिले में आ भी चुकी हैं, जिन्हें महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव और सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने एनेक्सी भवन से शनिवार को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रवाना की गई एम्बुलेंस में से 14 एम्बुलेंस 108 नंबर सेवा की हैं, जबकि 14 अन्य एम्बुलेंस 102 नंबर सेवा की हैं। जिले को जो 65 एम्बुलेंस मिली हैं उनमें से 24 एम्बुलेंस 108 नंबर सेवा वाली, जबकि 41 एम्बुलेंस 102 नंबर सेवा वाली हैं। महापौर और सदर सांसद ने नई एम्बुलेंस मिलने पर जनपदवासियों को बधाई दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि जो एम्बुलेंस मिली हैं उनमें ऑक्सीजन से लेकर प्रशिक्षित स्टॉफ तक उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी योगी सरकार की सोच है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में कहीं कोई कोताही न हो । गोरखपुर समेत पूरे प्रदेश में चिकित्सा की अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कुशल नेतृत्व अहम भूमिका निभा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एके चौधरी ने बताया कि शासन के मानकों के अनुसार जब कोई भी एम्बुलेंस करीब ढाई लाख से अधिक की दूरी चल लेता है तो उसे बदल कर नई एम्बुलेंस दी जाती हैं। जो 65 नई एम्बुलेंस मिली हैं, उन्हें उन एम्बुलेंस के स्थान पर चलाया जाएगा जो निर्धारित मानकों के अनुसार पूरी चल चुकी हैं। दोनों एम्बुलेंस की सुविधा पूरी तरह से निःशुल्क है। किसी भी आपदा, दुर्घटना या बुखार के मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए 108 नंबर एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी प्रकार गर्भवती, प्रसूता, नवजात बच्चे को अस्पताल लाने और घर ले जाने के लिए 102 नंबर एम्बुलेंस का इस्तेमाल कर सकते हैं। जिले से बाहर हायर सेंटर तक मरीज ले जाने के लिए चार एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस भी चलाई जा रही हैं। उनका उपयोग चिकित्सक की सलाह पर करने का प्रावधान है।

इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ अनिल सिंह, डॉ राजेश कुमार, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी केएन बरनवाल, स्वास्थ्य विभाग से उपेंद्र मणि त्रिपाठी, आदिल, एम्बुलेंस का संचालन करने वाली संस्था के ऑपरेशन हेड अर्जित पांडेय, रीजनल मैनेजर दिग्विजय मौर्य, प्रोग्राम मैनेजर अनुराग श्रीवास्तव, सोनू शर्मा, शैलेष त्रिपाठी और अभिषेक सिंह प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading