गोरखपुर भारतेंदु नाट्य अकादमी लखनऊ और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज की तत्वाधान में 1 नवंबर से 5 नवंबर 2023 तक पांच दिवसीय राष्ट्रीय नाट्य समारोह -गोरखपुर रंग महोत्सव 2023 आयोजित करने जा रहा है। इस समारोह में नाट्य प्रेमियों को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रंग हस्तियों से संवाद करने के साथ ही पांच ऐतिहासिक नाट्य प्रस्तुतियों का आस्वाद मिलेगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉक्टर हर्षवर्धन राय एवं संयोजक श्री नारायण पान्डे ने संयुक्त रूप से बताया कि उक्त समारोह में ख्यातिल्लब्ध रंग हस्तियों – संजय उपाध्याय , पीयूष मिश्रा,व्योमेश शुक्ला, आलोक पराड़कर ,हिमानी शिवपुरी, राजेंद्र गुप्ता से रंगमंचीय समस्याओं, निराकरण एवं रंग उपलब्धियों पर संग्रहणीय व्याख्यान सुनने एवं शंका समाधान का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। संयोजकद्वय ने आगे बताया कि इस रंग समारोह में नाट्य प्रेमियों को दुर्लभ नाटकों के नाट्यालेख सहित नाटकों की पुस्तकों की ऐतिहासिक रंग- प्रदर्शनी के अवलोकन का भी सुअवसर प्राप्त होगा ।इसके अतिरिक्त समारोह में टेराकोटा प्रदर्शनी, पेंटिंग प्रदर्शनी आदि भी उपलब्ध रहेगी। पांच दिवसीय उक्त राष्ट्रीय नाट्योत्सव गोरखपुर रंग समारोह में प्रतिभाग करने वाली नाट्य संस्थाएं एवं प्रस्तुतियां हैं –
(1) ड्रामा टॉकीज, मुंबई- नाटक- जीना इसी का नाम है- निर्देशक सुरेश भारद्वाज ।
(2) निर्माण कला मंच, पटना- नाटक- विदेशिया ,निर्देशक -संजय उपाध्याय ।
(3) ट्रेजर आर्ट असोसिएशन, दिल्ली ,नाटक- अंधा युग ,निर्देशक-जाय मऐसनम।
(4) रूप वाणी संस्थान, बनारस नाटक- राम की शक्ति पूजा निर्देशक- व्योमेश शुक्ल।
(5) समागम रंग मंडल, जबलपुर मध्य प्रदेश, नाटक- भूमि, (महाभारत पर आधारित) निर्देशिका- स्वाति दुबे
विशेष -फिल्म अभिनेताओं का भी होगा आगमन
पीयूष मिश्रा, हिमानी शिवपुरी, राजेंद्र गुप्ता
गोरखपुर रंग महोत्सव के सिलसिले में आज और कल (सोमवार एवं मंगलवार) को अपरान्ह 3.30 बजे चेतना तिराहा से सिनेमा रोड तक गोरखपुर के रंग कर्मियों द्वारा एक रंग जलूस शहर के विभिन्न मार्गों एवं चौराहों से निकाला जाएगा।

