शहरी इलाकों में स्थापित होंगी तकरीबन 1300 मूर्तियां, दुर्गा पूजा–दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट
गोरखपुर। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में इस बार तकरीबन 1300 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए खास तैयारी की जा रही है।
एसपी सिटी ने बताया कि दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों को थानों पर बुलाकर शांति बैठक कराई जा रही है। इसके साथ ही त्योहारों पर अशांति फैलाने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जा रही है। जिन लोगों का पूर्व में विवाद और उपद्रव में नाम सामने आ चुका है, उन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के लिए ड्रोन कैमरों की मदद से जगह-जगह निगरानी की जाएगी। मूर्ति विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूस के रूट का अधिकारी स्वयं निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि कहीं भी भीड़ के कारण जाम या किसी अन्य तरह की समस्या न हो।
