महाराजगंज। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महाराजगंज में आयोजित जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रतियोगिता में हाजी अज़हर ख़ान इंटर कॉलेज, उस्का पनियरा, महराजगंज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता पर अपना दबदबा बनाया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें हाजी अज़हर ख़ान इंटर कॉलेज की छात्राओं ने भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा नूर शायदा ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विषय पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रियंका विश्वकर्मा ने सड़क सुरक्षा संदेश को दर्शाती अपनी उत्कृष्ट चित्रकला के माध्यम से प्रथम स्थान हासिल कर निर्णायक मंडल की सराहना प्राप्त की। छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हाजी अज़हर ख़ान इंटर कॉलेज क्षेत्र में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए जाना जाता है और निरंतर विद्यार्थियों को ऐसी सामाजिक एवं जागरूकता से जुड़ी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करता रहा है।

