महराजगंज हाजी अजहर ख़ान इंटर कॉलेज, उसका पनियरा, महराजगंज में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने हेतु मनोयोग, अनुशासन एवं सतत परिश्रम के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भविष्य की योजना, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारण से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री सलीम ख़ान ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि सफलता उन्हीं विद्यार्थियों को प्राप्त होती है जो लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं और कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास नहीं खोते। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल जीवन की मंगलकामनाएँ प्रेषित की गईं।


