*गोरखपुर एयरपोर्ट पर लगा आयुष्मान आरोग्य शिविर, उप महानिदेशक ने किया उद्घाटन*
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की गोरखपुर इकाई और स्वास्थ्य विभाग ने किया आयोजन
एम्स गोरखपुर और इंडिगो एयरलाइन की मदद से लगे शिविर में मिला सेहत का वरदान
*गोरखपुर।* जिले में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की गोरखपुर इकाई और स्वास्थ्य विबाग के सहयोग से गोरखपुर एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। एम्स गोरखपुर की टीम और इंडिगो एयरलाइन की मदद से लगे इस शिविर में सैकड़ों लोगों को सेहत का वरदान मिला। शिविर का उद्घाटन सेंट्रल टीबी डिवीजन में उप महानिदेशक डॉ शोबिनी राजन ने किया। इस अवसर पर एयरपोर्ट से जुड़े कर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और यात्रियों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा दी गयी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने बताया कि राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चल रहे सौ दिवसीय अभियान के क्रम में ही एयरपोर्ट गोरखपुर पर भी आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे जांच, नेत्र जांच और पैथालॉजिकल जांच की सुविधा के साथ-साथ नये टीबी मरीज खोजने के लिए स्क्रिनिंग की गयी। लोगों को प्रचार सामग्री के जरिये टीबी के लक्षणों, उपचार, बचाव और कार्यक्रम के सभी पक्षों के बारे में जागरूक भी किया गया। एम्स गोरखपुर की मदद से एआई बेस्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से लोगों की चेस्ट जांच की गयी। झरना टोला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की टीम और जिला क्षय रोग केन्द्र की टीम सहित स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने लोगों को शिविर के दौरान सेवाएं दी। मोबाइल मेडिकल यूनिटर (एमएमयू) के जरिये भी स्वास्थ्य जांच व परामर्श की सुविधा उपलब्ध करायी गयी।
सीएमओ ने बताया कि डीटीओ डॉ नंदलाल कुशवाहा और एसीएमओ (शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम) डॉ एनके द्विवेदी की शिविर के आयोजन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के सहयोग से ही पहली बार इतने व्यापक स्तर पर एयरपोर्ट गोरखपुर पर शिविर का आयोजन किया जा सका। इस कार्य में गोरखपुर एयरपोर्ट के अधिकारीगण विजय कुमार, रजत कुमार मिश्रा, उमेश चंद्र और अरविंद यादव ने विशेष योगदान दिया। इस अवसर पर स्टेट टीबी सेल से आनंद तिवारी और विश्व स्वास्थ्य संगठन से उदित मोहन भी प्रमुख तौर पर उपस्थित रहे। शिवर के आयोजन में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े डीपीसी धर्मवीर प्रताप सिंह, पीपीएम समन्वयक अभय नारायण मिश्रा, मिर्जा आफताब बेग और यूपीटीएसयू की टीम ने भी विशेष योगदान दिया।
*उप महानिदेशक ने सराहा*
एयरपोर्ट पर लगे शिविर में पहुंची सेंट्रल टीबी डिवीजन की उप महानिदेशक डॉ शोबिनी राजन ने जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने कैम्प के जरिये समाज के विभिन्न हितधारकों की सहभागिता की प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम में आ रहे चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर सीएमओ डॉ झा ने उन्हें जिले की स्वास्थ्य गतिविधियों से जुड़ी बुकलेट भी भेंट की।


