*जमीन हड़पने की साजिश में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तारजान से मारने की धमकी व हमले के आरोप, कई मामलों में पहले से दर्ज हैं मुकदमे*
गोरखपुर। थाना राजघाट क्षेत्र में जमीन हड़पने की नीयत से जान से मारने की धमकी देने और हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त सैयद नसीम अब्बास उर्फ अली अब्बास पुत्र शैयद नशीम सुबही निवासी बसन्तपुर कुम्हार गली थाना राजघाट का रहने वाला है। उसके खिलाफ थाना राजघाट में दर्ज मुकदमा संख्या 109/2026 धारा 308(5), 351(3), 324(4), 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
मामले के संबंध में बताया गया कि अभियुक्त ने जमीन विवाद को लेकर वादी पर जानलेवा हमला किया था। साथ ही कोर्ट में गवाही देने से रोकने और दहशत फैलाकर वादी की जमीन हड़पने की साजिश रची गई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी व अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
