*फर्जी शादी के नाम पर अंतर्राज्यीय ठगी, पुलिस बनकर बंधक बनाते थे—गैंगस्टर एक्ट में 8 पर कार्रवाई*
*चिलुआताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिरोह पर कसा शिकंजा; दहशत फैलाकर करता था धन उगाही*
गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह गिरोह अंतर्राज्यीय लोगों को झांसा देकर गोरखपुर बुलाता था, फर्जी शादी कराता था और फिर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बंधक बनाकर उनसे धन उगाही करता था। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह की गतिविधियों से आम जनमानस में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था।
चिलूवाताल पुलिस ने गैंग लीडर अंकुर सिंह समेत कुल 8 आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत थाना चिलुआताल में मुकदमा संख्या 472/26 दर्ज किया गया है।
गैंग का सरगना अंकुर सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से बाहरी राज्यों के लोगों को शादी के नाम पर जाल में फंसाता था। इसके बाद गिरोह के सदस्य खुद को पुलिसकर्मी बताकर पीड़ितों को डराते-धमकाते और बंधक बनाकर मोटी रकम वसूलते थे। गिरोह के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे इनके आपराधिक इतिहास का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के खिलाफ गैंगचार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदन प्राप्त किया गया, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की स्वतंत्र गतिविधियों पर रोक लगाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
