*राज्यपाल ने बढ़ाया हौसला, सैकड़ों बच्चियों ने लगवाया एचपीवी से बचाव का टीका*
दीन दयाल उपाध्याय गोविवि में एचपीवी के विशेष टीकाकरण अभियान में पहुंचीं महामहिम
छात्राओं को टीकाकरण, बेटियों की शिक्षा और नशामुक्त युवा अभियान की महत्ता के बारे बताया
*गोरखपुर।* पंडित दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में लगे एचपीवी से बचाव के विशेष टीकाकरण अभियान में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल शामिल हुईं। उन्होंने टीकाकरण करवाने वाली बच्चियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें प्रमाण पत्र भी सौंपे। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में राज्यपाल ने सभी छात्राओं से एचपीवी टीकाकरण, बेटियों की शिक्षा और नशामुक्त युवा अभियान की महत्ता के बारे में चर्चा की। उन्होंने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी बच्चियों को एचपीवी का टीका लगाए जाने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम स्थल से राज्यपाल के प्रस्थान के बाद सीएमओ डॉ राजेश झा की मौजूदगी में मेडिकल टीम द्वारा सैकड़ों छात्राओं का टीकाकरण किया गया।
इससे पहले राज्यपाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि एचपीवी टीके की सिंगल डोज भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाएगी। उन्होंने कहा कि अगले माह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर बृहद अभियान चला कर एचपीवी से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने इस अभियान के लिए सभी स्तरों पर अभी से तैयारी करने को कहा। राज्यपाल ने टीकाकरण करवाने वाली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली बच्चियों के साथ संवाद भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल के साथ कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन, जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ और मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी के साथ स्वास्थ्य विभाग, गोरखपुर विश्वविद्यालय, शिक्षा विभाग और कई अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बारे में सीएमओ डॉ राजेश झा ने बताया कि राज्यपाल के उत्साहवर्धन के बाद छात्राओं ने कतारबद्ध होकर टीकाकरण कराया। एक ही दिन में एक ही स्थान पर सौ से अधिक बच्चियों को टीके लगाए गए। डॉ झा ने कहा कि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के दिशा-निर्देशन में जिले में करीब 12 हजार से अधिक बच्चियों को एचपीवी से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। इस टीके को सिर्फ सिंगल डोज लगाया जाना है। जहां बाजार में यह टीका करीब चार से पांच हजार रूपये में लगता है, वहीं सरकार इसे निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है। यह टीका सुरक्षित और असरदार है। नियमित टीकाकरण सत्रों पर पर भी पात्र बच्चियों को यह टीका लगाया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि टीकाकरण अभियान में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नंदलाल कुशवाहा की देखरेख में यूएनडीपी, जेएसवाई और यूपीटीएसयू की टीम विशेष सहयोग दे रही हैं।
