
बलिया
भारतीय अपना समाज पार्टी एवं पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के घटक दल राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के संयुक्त तत्वावधान में बलिया में कार्यकर्ता सम्मान समारोह एवं जनहित के मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन सिंह सूर्यवंशी, राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुनाथ उपाध्याय, मुख्य अतिथि शुभम कृष्ण अग्रवाल सहित नीलम सिंह, चिंतामणि पांडेय, विशाल सिंह, संजय पांडेय एवं राजेश मिश्रा ने कहा कि पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा तेजी से क्षेत्र की जनआवाज बन रहा है। मोर्चे के घटक दल लगातार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि पूर्वांचल के समुचित विकास के लिए अलग राज्य का दर्जा दिए जाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, गरीबों को गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, युवाओं को रोजगार तथा बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाने चाहिए। किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा महिलाओं, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग के हित में ठोस योजनाएं लागू करने की मांग भी उठाई गई। ज्ञापन में आरक्षण व्यवस्था में सुधार, जातिगत भेदभाव समाप्त करने, गरीबों को समान अवसर देने, चिटफंड कंपनियों में फंसे आम लोगों के धन की वापसी, निजी अस्पतालों द्वारा गरीब मरीजों के आर्थिक शोषण पर रोक तथा टोल एवं अनावश्यक रोड टैक्स से राहत देने सहित कई मांगें शामिल रहीं। इस अवसर पर बलिया जिलाध्यक्ष राजू सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्याम सुंदर पासवान, सोनू तिवारी, संजय पांडेय, नीलम सिंह, राजेश मिश्रा, विशाल सिंह, खेदन तिवारी, शिवदयाल पाल, केदारनाथ उपाध्याय, सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला-पुरुष उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों को लेकर अभियान आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।
