पांच माह के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बनाया मजबूत
जगदीशपुर। एम्स थाना क्षेत्र की जगदीशपुर चौकी पर रविवार दोपहर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव तिवारी के स्थानांतरण पर क्षेत्रवासियों और पुलिसकर्मियों ने भावभीनी विदाई दी। पांच माह के कार्यकाल में बेहतर कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के लिए किए गए कार्यों को लेकर उन्हें एसएसपी डॉ. कौस्तुभ की ओर से प्रशस्ति पत्र भी मिल चुका है।
चौकी प्रभारी ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब सात लाख रुपये की लागत से 23 सीसीटीवी कैमरे लगवाए। कुसम्ही में छह, सिसवा उर्फ चनकापुर अंडरपास में चार, जगदीशपुर में चार, मलपुर में तीन, गोबरहिया और कोनी चौराहे पर दो-दो तथा मतौनी में दो कैमरे लगाए गए। साथ ही बीट सिपाहियों के मोबाइल पर कैमरों की ऑनलाइन निगरानी की सुविधा शुरू कराई गई।
कार्यकाल के दौरान कुसम्ही में करीब तीन लाख रुपये के डीजे उपकरण चोरी का 48 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और शत-प्रतिशत सामान बरामद किया गया। माड़ापार में छिनैती के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 2,100 रुपये और मोबाइल बरामद किया गया। पांच माह में 20 से अधिक अपराधियों को जेल भेजने के साथ 25 मुकदमों का निस्तारण किया गया।
स्थानांतरण के बाद पादरी बाजार चौकी का कार्यभार संभालने जा रहे गौरव तिवारी ने कहा कि वहां भी जनसहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और अपराध नियंत्रण के साथ जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता रहेगी।
विदाई समारोह में उपनिरीक्षक राजवंश सिंह, हेड कांस्टेबल चंदननाथ, कांस्टेबल ध्रुव यादव, रंजीत यादव, अनुराग सिंह, ऋषभ राज गुप्ता, रोहित यादव, पीआरडी फैजान अहमद सहित व्यवसायी जितेंद्र जायसवाल, निलेश जायसवाल और सुरेश शर्मा मौजूद रहे।

