*स्वास्थ्य विभाग ने मनाया सेवा संकल्प अभियान, रक्तदान के साथ मरीजों को बांटी गयी पोटली*

बीआरडी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में लगाया गया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

एम्स गोरखपुर सहित सभी चिकित्सा इकाइयों पर मरीजों को बांटे गये फल

इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय और गोरखपुर विश्वविद्यालय में टीबी उपचाराधीन मरीजों को दी गयी पोटली

*गोरखपुर।* देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत गोरखपुर के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संस्थानों में भी बृहस्पतिवार को विविध आयोजन किए गए। इस अवसर पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर के आयोजन हुए। जिला अस्पताल में लगे शिविर का विधान परिषद सदस्य डॉ धर्मेंद्र सिंह ने उद्घाटन किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा और भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी सहित भाजपा के ढेर सारे पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जिला अस्पताल के अधिकारी व कर्मचारी शिविर में शामिल हुए। विधान परिषद सदस्य डॉ सिंह की अगुवाई में जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में मरीजों के बीच फलों का भी वितरण किया गया। फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन एम्स गोरखपुर सहित जिले की सभी चिकित्सा इकाइयों पर किया गया। इसी क्रम में मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय और पंडित दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में टीबी उपचाराधीन मरीजों को पोषण पोटली दी गयी।

इससे पहले, सीएमओ गोरखपुर डॉ राजेश झा ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज क प्राचार्य डॉ धर्मेंद्र कुमार के साथ वहां के रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रयास है कि अधिकाधिक रक्त संग्रह किया जाए ताकि समय आने पर जरूरतमंदों की मदद की जा सके। इसके बाद सीएमओ डॉ झा जिला अस्पताल पहुंचे। वहां विधान परिषद सदस्य डॉ धर्मेंद्र सिंह ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। इस मौके पर भाजपा पदाधिकारी राजगौरव सिंह सहित कई युवा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। फल वितरण कार्यक्रम के दौरान विधान परिषद सदस्यों ने मरीजों से हालचाल भी पूछा। वह जिला महिला अस्पताल में आयोजित फल वितरण समारोह में भी शामिल हुए। इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, चिकित्सा अधीक्षक और कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।

मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय और पंडित दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में हुए आयोजन के दौरान जिला क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ संतोष श्रीवास्तव के सहयोग से टीबी उपचाराधीन मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस दौरान मौजूद मरीजों को टीबी एडॉप्शन की महत्ता के बारे में खासतौर से जानकारी दी गई और आश्वासन दिया गया कि इलाज के दौरान उनका हरसंभव सहयोग किया जाएगा। मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय में हुए आयोजन में वहां की कुलपति और सीएमओ के साथ-साथ ढेर सारे शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भी हिस्सा लिया।

*सहजनवां में हुआ औचक निरीक्षण*

सीएमओ डॉ राजेश झा ने सहजनवां सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो चिकित्सक और दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। डॉ झा ने उनसे स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading