*गाय बिजली के पोल से चिपकी तड़पती रही, पार्षद की एक कॉल ने बचा ली जान*
*बारिश के बीच एक घंटे से ज्यादा चला रेस्क्यू, बिजली काटकर बेजुबान को निकला गया सुरक्षित*
गोरखपुर। बारिश के बीच गुरुवार सुबह गोरखपुर के दिग्विजय नगर वार्ड के हुमायूं उत्तरी में एक बेजुबान गाय बिजली के पोल में करंट उतरने से उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही गाय पोल से चिपककर तड़पने लगी। करीब सुबह 9:20 बजे घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद ऋषि मोहन वर्मा तत्काल सक्रिय हुए और जेई को फोन कर मामले की जानकारी दी।
गनीमत रही कि जेई ने तत्काल फोन उठाया और घटना की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग की टीम को मौके पर भेजा। पार्षद की सूचना पर संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद टीम ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर गाय को करंट की चपेट से सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद पार्षद ऋषि मोहन वर्मा ने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान बिजली के पोल, तार और अन्य विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें। समय रहते सूचना मिलने से आज एक बेजुबान की जान बच सकी।
खास बात यह है कि बुधवार को भी हड़हवा फाटक के पास गड्ढे में गिरकर घायल हुई गाय को पार्षद की सूचना पर नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू किया था। लगातार दूसरे दिन गाय की मदद के लिए पार्षद की सक्रियता क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा पशु अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं और कई बार खुद भी हादसों का शिकार हो जाते हैं। दूध देने के बाद पशुओं को सड़क पर छोड़ देना इस समस्या को और गंभीर बना रहा है। आज बिजली के पोल से चिपकी गाय की तस्वीर इसी समस्या की एक दर्दनाक झलक दिखाती है।
