*छोटे समाचार पत्रों की समस्याओं के समाधान को फेडरेशन चलाएगा अभियान*
*प्रकाशकों और अखबार मालिकों से सीधा संवाद कर समस्याओं का होगा संकलन*
*जीएसटी समाप्त करने और विज्ञापन की समस्या को लेकर पीसीआई चेयरमैन से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल*
*‘रिश्ता जोड़ो, समस्या भगाओ’ अभियान के जरिए फेडरेशन को मजबूत करने की होगी पहल*
गोरखपुर। ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के निर्देश पर छोटे एवं लघु समाचार पत्रों के प्रकाशकों और मालिकों को फेडरेशन से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत प्रकाशकों एवं अखबार मालिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके न्यायपूर्ण समाधान की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी।
यह जानकारी फेडरेशन के गोरखपुर मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी ने दी। उन्होंने बताया कि फेडरेशन से ‘रिश्ता जोड़ो, समस्या भगाओ’ अभियान को सफल बनाने के लिए जोन-1 के प्रदेश सचिव दीनानाथ यादव एवं मंडल महामंत्री दिलीप कुमार पटवा के सानिध्य में सभी पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल को गठित किया जाएगा। यह प्रतिनिधिमंडल विभिन्न समाचार पत्रों के प्रकाशकों एवं मालिकों से वैचारिक मुलाकात कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर विस्तृत चर्चा करेगा।
रहमानी ने कहा कि छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। ऐसे समाचार पत्रों के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान कराना फेडरेशन की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि फेडरेशन को सशक्त और प्रभावी बनाने में पत्रकारों, प्रकाशकों तथा अखबार मालिकों का पूरा सहयोग मिलेगा।
उन्होंने कहा कि छोटे समाचार पत्रों पर लागू जीएसटी को पूर्ण रूप से समाप्त कराने, सरकारी विज्ञापनों के समुचित आवंटन तथा अन्य लंबित समस्याओं को लेकर फेडरेशन गंभीर है। इन मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) के चेयरमैन से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराएगा और उनके समाधान की मांग रखेगा।
उन्होंने कहा कि फेडरेशन छोटे एवं मझोले समाचार पत्रों के हितों की आवाज को मजबूती से उठाते हुए उन्हें न्यायपूर्ण कार्यप्रणाली और अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
