


गोरखपुर, । गंगा के प्रति आस्था, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से गंगा समग्र, गोरक्ष प्रान्त के तत्वावधान में मंगलवार को नौका विहार, तारामंडल में भव्य महा आरती एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया। शाम छह बजे महा आरती के बाद 1111 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। आयोजन में 1300 से अधिक श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की। गंगा समग्र के संयोजक राजकिशोर मिश्रा ने कहा कि गंगा भारतीय संस्कृति और जीवन परंपरा की आधारधारा हैं। गंगा संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। सह संयोजक डॉ. चंद्रभूषण तिवारी ने जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने और स्वच्छता के लिए व्यवहार में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. पवन कुमार पाण्डेय ने 1111 दीपों को जनजागरण और पर्यावरण चेतना का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में मृदुला मिश्रा के गंगा गीत ने वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने आयोजन में स्वयंसेवक के रूप में सहयोग किया। संचालन दिनेश पाण्डेय व दुर्गा प्रसाद ने किया, जबकि संयोजन विनोद माथुर ने किया। कार्यक्रम का समापन स्वच्छ गंगा, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
