*दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंची राजघाट पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा*

*बाइक पेट्रोलिंग के साथ आयोजकों से संवाद, अश्लील गीतों पर रोक और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर दिए निर्देश*



गोरखपुर। दुर्गा पूजा और नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं धार्मिक आस्था के अनुरूप संपन्न कराने के लिए राजघाट पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग एवं फुट पेट्रोलिंग करते हुए विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया।
पुलिस टीम ने तुर्कमानपुर, नॉर्मल रोड, पांडेयहाता, घंटाघर समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दुर्गा पूजा आयोजकों से मुलाकात की और पंडालों में सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने आयोजकों से शासन-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।

*आस्था के साथ मर्यादा का भी रखा जाए ध्यान*

पुलिस ने आयोजकों से स्पष्ट कहा कि पर्व धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जाए। पूजा पंडालों में ऐसा कोई कार्यक्रम या संगीत न हो, जिससे धार्मिक वातावरण प्रभावित हो अथवा किसी की भावनाएं आहत हों। डीजे पर अश्लील एवं आपत्तिजनक गीत बजाने से पूरी तरह परहेज करने के निर्देश दिए गए।

*महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग कतार*

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने को कहा गया। पंडालों के आसपास पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैनात करने तथा उनकी पहचान के लिए पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी भूमिका स्पष्ट रूप से पहचानी जा सके।
यातायात व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें आयोजक
पुलिस ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए आयोजक पुलिस का सहयोग करें। अराजक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

*सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचें*

कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अफवाहों को लेकर भी पुलिस ने आयोजकों और आम नागरिकों को सतर्क किया। किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक संदेश को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर निगरानी रखी जा रही है और किसी भी स्थिति में कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
राजघाट पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग और पैदल गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने प्रमुख मार्गों एवं पूजा स्थलों पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading