*गोरखपुर की 583 किलोमीटर लंबी पांच प्रमुख नहरों की होगी सफाई, शासन से मिले 1.30 करोड़ रुपये*

*कुल 2.40 करोड़ रुपये का प्रस्ताव, टेंडर प्रक्रिया पूरी कर नहरों की सफाई कराई जाएगी*


*डीएम ने नहर विभाग के अधिकारियों संग बैठक कर नहरों  की सफाई कराने का दिए निर्देश*


गोरखपुर। जनपद में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए पांच प्रमुख नहरों की सफाई कराई जाएगी। इसके लिए शासन से 1 करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि मिल चुकी है। कुल 2 करोड़ 40 लाख रुपये की धनराशि प्रस्तावित है। बजट उपलब्ध होने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर नहरों की सफाई का कार्य कराया जाएगा। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में नहर विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कार्य को बेहतर और व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने नहरों की सफाई के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए नहरों की नियमित सफाई आवश्यक है। नहरों में जमा सिल्ट, झाड़-झंखाड़ और अन्य अवरोधों को हटाने से पानी का प्रवाह सुचारू बनाने में मदद मिलती है। इससे किसानों को खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने में सुविधा होती है और नहरों की जल वहन क्षमता भी बेहतर बनी रहती है।

जनपद की पांच प्रमुख नहरों के कुल 583 किलोमीटर लंबे हिस्से की सफाई कराई जानी है। इसके लिए शासन से अब तक 1.30 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं, जबकि कुल 2.40 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित है। उपलब्ध धनराशि के आधार पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सफाई कार्य शुरू कराने की तैयारी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी की जाएं और सफाई कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि नहरों की सफाई केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका लाभ किसानों और सिंचाई व्यवस्था को स्पष्ट रूप से मिलना चाहिए। इसलिए कार्य की योजना इस तरह तैयार की जाए कि नहरों में पानी का प्रवाह बाधित न हो और निर्धारित क्षेत्र में सफाई का काम प्रभावी ढंग से पूरा कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने नहर विभाग के अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करने तथा सफाई के दौरान आने वाली समस्याओं का समय से समाधान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो और कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए।

नहरों की सफाई पूरी होने से सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। खासकर उन क्षेत्रों में किसानों को राहत मिल सकती है, जहां नहरों में गाद और झाड़-झंखाड़ के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित होता है। प्रशासन का जोर है कि उपलब्ध बजट का सदुपयोग करते हुए सफाई कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिल सके बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading