पादरी बाजार में हुआ भोजपुरी नाटक ‘मूरख मरद’ का मंचन
संवाद, गायन और नृत्य ने दर्शकों का मोहा मन गोरखपुर। चित्रांश समिति शिवपुर सालिकराम के तत्वावधान में बुधवार शाम संगम चौराहा (पादरी बाजार) स्थित एसएनएसएस एकेडमी में नौटंकी शैली पर आधारित भोजपुरी नाटक ‘मूरख मरद’ का मंचन किया गया। गांवों से हो रहे पलायन के विषय पर आधारित इस प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति की सभी ने सराहना की। सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था सोशल इंक्लूजन वेलफेयर सोसाइटी के कलाकारों ने नाटक का मंचन किया। इसकी कहानी गांव की विषय वस्तु पर आधारित है। नाटक में दिखाया गया कि मुंबई से आया एक व्यक्ति गांव के युवाओं को झूठे सपने दिखाकर मुंबई ले जाना चाहता है । उसके जाल में गांव का एक व्यक्ति परदेसी फंस भी जाता है। वह उसके साथ मुंबई जाने के लिए तैयार भी हो जाता है। इस पर परदेसी और उसकी पत्नी का विवाद हो जाता है। यह विवाद गांव की पंचायत तक पहुंचता है। पंचायत में गांव के लोग समझाते हैं और परदेसी को गांव की महत्ता बताते हैं। इस पर मुंबई से आया व्यक्ति भी बदल जाता है। वह भी गांव में रहने के लिए तैयार हो जाता है। प्रस्तुति के माध्यम से गांवों में उजड़ते घर, अकेले रह गए माता-पिता का दर्द और बड़ी संख्या में युवाओं का शहरों की तरफ हो रहे पलायन को दिखाया गया है। इसके संवाद नौटंकी शैली पर आधारित गायन में रहे। नाटक में ढोल, नगाड़ा और हारमोनियम आदि वाद्य यंत्रों का प्रयोग किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चित्रांश समिति के अध्यक्ष उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने किया। नाटक में नट बंटी बाबा, नटी स्मिता श्रीवास्तव, जोकर अजीत प्रताप सिंह, भोला सुनील राजा, परदेसी पवन पंछी, मनराजी रुक्मिणी मिश्रा, एलपी अजय यादव, गोवर्धन रितेश चौहान, प्रधान उपेंद्र तिवारी, बलेसर सूरज श्रीवास्तव और जोखन की भूमिका प्रदीप खन्ना ने निभाई। नाटक का निर्देशन विवेक श्रीवास्तव ने किया था। हारमोनियम पर सोनू श्रीवास्तव, ढोलक संजय यादव और नगाड़े पर लालमन ने संगत किया। गायन नीलम विश्वकर्मा ने किया। रूपसज्जा राधेश्याम का था। प्रकाश व्यवस्था में नागेंद्र भारती ने सहयोग किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष भानू प्रकाश नारायण, सचिव बृजेश कुमार श्रीवास्तव, उषा श्रीवास्तव, साधना श्रीवास्तव और अमृता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।