
गोरखपुर। वीर बहादुर सिंह राजकीय महाविद्यालय कैम्पियरगंज, गोरखपुर के निर्वाचन मतदाता क्लब द्वारा मतदाता साक्षरता पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में कैम्पियरगंज के तहलीदार शिवकुमार लाल श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि ने सरस्वती देवी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण किया। प्राचार्य प्रो० (डॉ०) सौमित्र चन्द्र ने पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। सलोनी मिश्र और पुष्पा शर्मा ने सरस्वती वंदना तथा शिवांगनी सहानी और विजय लक्ष्मी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
स्वीप के नोडल अधिकारी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ० सुमित कुमार गुप्ता ने पीपीटी के माध्यम से स्वीप योजना के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचक और मतदाता में अंतर बताते हुए कहा कि निर्वाचक नामावली में जिसका नाम है वह निर्वाचक है जबकि जो मतदेय स्थल पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करता है वह मतदाता है। स्वीप कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य अधिकाधिक निर्वाचकों को जागरूक कर उन्हें मतदान के लिए तैयार करना है।
राजनीति विज्ञान की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ० शैलजा अस्थाना ने निर्वाचन की प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष पद्धतियों में विभेद की जानकारी दी। उन्होंने लोकसभा, विधान सभा, नगर निकाय और पंचायत निर्वाचन के स्वरूप की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे निर्वाचक के रूप में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें साथ ही अपने परिवार के लोगों और पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
महंत अवेद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय जंगल कौड़िया के प्राध्यापक डॉ० दिग्विजय सिंह में अपने व्याख्यान में सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में मतदाताओं की भूमिका को रेखांकित किया।
विपिन शर्मा और उनके साथियों ने निर्वाचन गीत मैं भारत हूं की संगीतमय प्रस्तुति करके सभा का ध्यान आकृष्ट किया। पूजा चौरसिया और उनकी साथियों ने मतदाता जागरूकता पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र नाथ मिश्र ने किया। प्रो० जय प्रकाश वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर डॉ० सचिन, डॉ० मनीष कन्नौजिया, मनोज कुमार खरवार, डॉ० संजय गुप्त, डॉ० संतोष कुमार, किशोर नन्द, विकास सोनकर, जितेन्द्र कुमार चौरसिया, जितेंद्र सिंह,दिलीप कुमार दूबे और अनेक छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।
