*‘‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को करें सुदृढ़, नजदीकी केंद्रों पर मिलें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं’’*

*जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में हुई कार्यक्रमों की समीक्षा, नवाचारों पर दिया जाएगा जोर*

*गोला और ऊरवा सीएचसी का निरीक्षण कर भी सीएमओ ने दिये खास निर्देश*

*गोरखपुर।* जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक विकास भवन सभागार में बुधवार की शाम सम्पन्न हुई। जिला विकास अधिकारी राज मणि वर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले भर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। इसी क्रम में सीएमओ भी ने गुरूवार को गोला सीएचसी और ऊरवा पीएचसी का भी निरीक्षण किया और समुदाय हित में कई विशेष निर्देश दिये।

समिति की बैठक के दौरान जिला विकास अधिकारी राज मणि वर्मा द्वारा दिशा निर्देश दिया गया कि समुदाय को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएं। इसके लिए पर्याप्त प्रचार प्रसार हो। साथ ही नवाचारों पर विशेष जोर दिया जाए। सभी अस्पतालों पर समर्पित भाव से सेवाएं दी जाएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में इस माह किये गये विशेष कार्यों की जानकारी दी गई और भावी कार्ययोजना की भी प्रस्तुति हुई। बताया गया कि समुदाय के बीच इस संदेश को पहुंचाएं कि सामान्य बीमारियों की स्क्रिनिंग और इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। सिर्फ विशेषज्ञ सेवाओं के लिए ही जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज या एम्स गोरखपुर जैसे उच्च संस्थान में पहुंचने की आवश्यकता है।

सीएमओ ने समिति की बैठक के दौरान बताया कि प्राथमिक सेवाओं के लिए सबसे पहले नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीज पहुंच सकें, इसके लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में प्रचार सामग्री लगवाई जा रही है। साथ ही नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर भी प्रचार सामग्री लगा कर बताया जा रहा है कि किस उच्च चिकित्सा केंद्र में कौन सी विशेषज्ञ सेवा मौजूद है।

सीएमओ डॉ झा ने कहा कि परिवार नियोजन कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, मातृ शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टेलीकंसल्टेशन, राष्ट्रीय कार्यक्रमों और अन्य प्रमुख सेवाओं के बारे में बैठक के दौरान चर्चा की गई। जिन ब्लॉक या कार्यक्रमों का प्रदर्शन खराब मिला उन्हें चेतावनी भी दी गई।

*सीएचसी और पीएचसी का किया निरीक्षण*

सीएमओ ने गुरूवार को गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ऊरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों अस्पतालों में संस्थागत प्रसव की गुणवत्तापूर्ण सेवा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को सभी उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध करानी है और सेवाओं के बारे में उनका फीडबैक भी अवश्य जाने। गोला सीएचसी में निरीक्षण के दौरान कई उपकरणों की कमी पाए जाने पर सीएमओ ने अधीक्षक से डिमांड अतिशीघ्र भेजने को कहा। सीएमओ ने कहा कि अस्पताल में किसी भी प्रकार के उपकरण की कमी नहीं रहनी चाहिए।

ऊरवा पीएचसी के निरीक्षण के दौरान मरीजों की काफी भीड़ मिली। वहां भवन की खराब स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने अतिशीघ्र मरम्मत करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर से सभी प्रकार के संसाधन और सहयोग मुहैया कराए जाएंगे। इस अवसर पर एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी भी मौजूद रहे।

*एसआईसी का किया स्वागत, प्रमुख कार्यों की दी जानकारी*

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिला अस्पताल के नवागत प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ संजय का स्वागत भी किया गया। साथ ही सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सीएचसी पीएचसी पर आटोएनलाइजर व सीबीसी जांच की मशीन लगाई जा रही है। इससे मरीजों को नजदीक में सभी प्रमुख जांचों की सुविधा मिल जाएगी और जिला स्तरीय अस्पतालों तक आवागमन का उनका खर्च भी बचेगा। जिला चिकित्सालय में डेंटल लैब बनाया जा रहा है और पूरे जनपद में डेंटल सेवाओं को सुदृढ़ करने का प्रयास चल रहा है। जिले में तैनात विशेषज्ञ चिकित्सकों, उपकरणों और औषधियों का मांग पत्र लेकर सी सेक्शन प्रसव की सुविधा को सुदृढ़ किया जा रहा है। जर्जर भवनों को चिन्हित कर ध्वस्त करने और सभी स्वास्थ्य इकाइयों के भवन मरम्मत, बिजली, पानी व अन्य मूलभूत सुविधाओं को ठीक कराया जा रहा है।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading