
पीपीगंज।गोरखपुर।अरुशान न्यूज।हरियाली तीज पर महिलाओं ने व्रत रख कर किया पूजा अर्चना।
पीपीगंज के कोल्हुआ स्थित मंदिर में हरियाली तीज के पावन अवसर पर महिलाओं ने पूरे श्रद्धा भाव से व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। पारंपरिक परिधानों में सजी धजी महिलाएं सुबह से ही मंदिर में एकत्रित होने लगीं और पूरे विधि-विधान से व्रत रख पूजा संपन्न की।
महिलाओं ने हरियाली तीज के इस पर्व को उत्सव की तरह मनाते हुए मंगल गीत गाए और झूला झूलते हुए पारंपरिक नृत्य भी किया। सुहागिनों ने अपने पति की लंबी उम्र और सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। पूजा के बाद कथा सुनाई गई जिसमें माता पार्वती के कठिन तप और भगवान शिव से उनके विवाह की कथा को विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई थी और भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने मेहंदी लगाई, नई चूड़ियाँ पहनीं और एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण और आरती के साथ हुआ।
