*एमएमएमयूटी की लाइब्रेरी में शॉर्ट-सर्किट से लगी आग, लैपटॉप और कंप्यूटर जलकर राख*
गोरखपुर।
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) की लाइब्रेरी में मंगलवार सुबह शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
सुबह लगभग 9:45 बजे कैंपस की लाइब्रेरी से धुआं उठता देख टहल रहे लोगों ने प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को खबर दी गई। करीब 10 बजे एक दमकल वाहन के साथ फायर टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आधे घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग बुझा दी गई।
फायर टीम के शांतनू यादव ने बताया कि समय पर टीम के पहुंचने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आने से लाइब्रेरी में रखे लैपटॉप, सीपीयू और कंप्यूटर जलकर नष्ट हो गए। हालांकि अन्य सामान को बचा लिया गया। आग लगने से लाइब्रेरी में धुआं भर गया था, जिसे बाद में वेंटिलेशन कराकर बाहर निकाला गया।
