गोरखपुर पी.एम. श्री कंपोजिट विद्यालय, उनवल प्रथम, बांसगांव, गोरखपुर के 30 विद्यार्थियों को ट्विनिंग/पेयरिंग कार्यक्रम के अंतर्गत हेरिटेज एकेडमी बरडाड़ ले जाया गया। इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक वातावरण, प्रयोगशालाओं तथा विज्ञान विषयों के व्यावहारिक ज्ञान से परिचित कराना था।
इस कार्यक्रम में विद्यालय से प्रधानाध्यापक श्री नवीन त्रिपाठी के साथ शिक्षक श्री बृजेश त्रिपाठी, श्री राजेंद्र यादव एवं श्रीमती सीमा पांडेय विद्यार्थियों के साथ गए। हेरिटेज एकेडमी पहुँचने पर वहाँ की प्रिंसिपल श्रीमती निशा मैथ्यू द्वारा अत्यंत सौहार्दपूर्ण स्वागत किया गया तथा पूरे कार्यक्रम में उनका सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।
विद्यालय में विद्यार्थियों को विज्ञान प्रयोगशालाओं का भ्रमण कराया गया, जहाँ भौतिक विज्ञान के अध्यापक श्री प्रीतेश पांडेय, रसायन विज्ञान के श्री धीरेन्द्र एवं जीव विज्ञान के श्री अमरेंद्र सर ने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध विभिन्न उपकरणों, उनके उपयोग एवं महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला में जाकर उपकरणों को नजदीक से देखा और प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया, जिससे उनका वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अधिक सशक्त हुआ।
इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोठा के प्रधानाध्यापक एवं हेरिटेज एकेडमी के प्रबंधक श्री मनींद्र माधव त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए विद्यालय परिवार द्वारा उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक श्री नवीन त्रिपाठी ने हेरिटेज एकेडमी के प्रबंधक, प्रिंसिपल एवं समस्त शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के ट्विनिंग/पेयरिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने अपने विद्यालय के शिक्षकों के सहयोगात्मक प्रयासों के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया, जिनके सामूहिक प्रयास से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
निस्संदेह, यह ट्विनिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं स्मरणीय अनुभव रहा, जो उनके भविष्य के अध्ययन में सहायक सिद्ध होगा।

