*एमआर अभियान की हुई शुरुआत, छात्राओं की सेहत की जांच कर बनाया गया पिंक कार्ड जूनियर*

सरस्वती विद्या मंदिर से सीएमओ ने कक्षा पांचवीं तक के बच्चों के लिए एमआर अभियान का उद्घाटन किया

पिंक कार्ड जूनियर अभियान के तहत अब तक करीब ढाई हजार छात्राओं की हो चुकी है स्वास्थ्य जांच

*गोरखपुर।* जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने दुर्गाबाड़ी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर से सोमवार को एमआर कैंपेन का उद्घाटन किया। इसके तहत कक्षा एक से कक्षा पांच तक के बच्चों को मिजल्स-रुबैला से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इस दौरान विद्यालय में पिंक कार्ड जूनियर अभियान भी चला, जिसके तहत छात्राओं की स्वास्थ्य जांच कर उनका पिंक कार्ड जूनियर बनाया गया। सीएमओ डॉ झा ने बताया कि पिंक कार्ड जूनियर अभियान के दौरान अब तक करीब ढाई हजार छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच हो चुकी है।

सीएमओ ने बताया कि खसरा एक जानलेवा बीमारी है जिससे निमोनिया, दस्त और जीवन के लिए अन्य जटिल समस्याएं पैदा हो सकती हैं। वहीं अगर गर्भावस्था के दौरान रुबैला का संक्रमण हो जाए तो शिशु को जन्मजात दोष हो सकते हैं। इन दोषों में अंधापन, बहरापन, कमजोर दिमाग और जन्मजात दिल की बीमारियां शामिल हैं। इनसे बचाव के लिए ही कक्षा पांचवी तक के बच्चों को टीके लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के उद्घाटन के साथ साथ 146 छात्राओं का समग्र स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इन सभी छात्राओं का नेत्र परीक्षण, दंत परीक्षण, हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इन छात्राओं को आयरन की गोलियां और एल्बेंडाजोल की दवाओं के सेवन के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को एसीएमओ आरसीएच डॉ एके चौधरी, डीआईओ डॉ नंदलाल कुशवाहा, डीईआईसी मैनेजर डॉ अर्चना सहित विभिन्न स्वास्थ्य टीमों ने छात्राओं को स्वास्थ्य देखभाल के बारे में जागरूक भी किया। डॉ अर्चना ने छात्राओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए।

सीएमओ डॉ झा ने बताया कि पिंक कार्ड जूनियर अभियान के तहत अभी तक विभिन्न विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा चुके हैं। इस दौरान तीन सौ बच्चों को निःशुल्क चश्मे के लिए चिन्हित किया गया। करीब पांच सौ बच्चों में हीमोग्लोबिन ग्यारह से कम पाए जाने पर आयरन की गोलियां दी गईं और उनके सेवन का तरीका भी बताया गया। करीब दो सौ बच्चों में दंत सम्बन्धी समस्या पाए जाने पर उन्हें अस्पताल में संदर्भित किया गया। शिविर के आयोजन में सीएचसी चरगांवा, अर्बन पीएचसी छोटे काजीपुर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर कालेपुर की मेडिकल टीम भी शामिल रहीं।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading