*रामनवमी से पहले गोरखपुर पुलिस अलर्ट: भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी*
गोरखपुर। आगामी रामनवमी पर्व को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल ने थाना कोतवाली व थाना राजघाट क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने संवेदनशील एवं प्रमुख बाजारों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक नगर ने क्षेत्र में तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
गश्त के दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, कोतवाली थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह, राजघाट थाना प्रभारी पंकज गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस की इस सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।
