*फर्जी नेटवर्क मार्केटिंग ट्रेनिंग सेंटर का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार*


*नौकरी और जल्दी पैसे कमाने का लालच देकर करते थे ठगी*


गोरखपुर। थाना गुलरिहा पुलिस ने अवैध नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर चल रहे फर्जी ट्रेनिंग सेंटर का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संगठित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, मु0अ0सं0 361/26 धारा 318(4) बीएनएस से संबंधित मामले में सिराजुद्दीन, अतेन्द्र राजपूत और कृष्ण मोहन सिंह को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी गोरखपुर में किराए के स्थानों पर रहकर फर्जी नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी के नाम पर लोगों को ठग रहे थे।
ऐसे चलता था ठगी का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपी मैरेज लॉन में ट्रेनिंग सेंटर संचालित कर रहे थे, जहां युवाओं को नौकरी दिलाने और कम समय में अधिक पैसा कमाने का झांसा दिया जाता था। इसके लिए उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी। साथ ही, उन्हें अपने नीचे नए लोगों को जोड़ने पर कमीशन मिलने का लालच देकर नेटवर्क बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जाता था।
इस तरह आरोपी एक चेन सिस्टम के जरिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर अवैध तरीके से धन अर्जित कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी कर कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कृष्ण मोहन सिंह के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके इस तरह के गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि होती है।
इस पूरे ऑपरेशन को उपनिरीक्षक अभिषेक कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी और हेड कांस्टेबल धनेश कुमार शामिल रहे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। साथ ही, ठगी के शिकार लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading