*नगरीय क्षेत्र में सैम्पल ट्रांसपोर्ट सुदृढ़ीकरण और विस्तार की तैयारी*
सीएमओ ने नये नोडल अधिकारी के साथ किया बसंतपुर शहरी स्वास्थ्य केन्द्र का दौरा
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अंधता निवारण कार्यक्रम के लोगों के साथ बैठक भी की
*गोरखपुर।* जिले के नगरीय क्षेत्र में ब्लड सैम्पल ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही इस सुविधा का विस्तार भी किया जाएगा। फिलहाल यह सुविधा ग्यारह नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर दी जा रही है। यह जानकारी सीएमओ डॉ राजेश झा ने दी। उन्होंने नगरीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के नये नोडल अधिकारी डॉ एनके द्विवेदी के साथ बसंतपुर नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र का दौरा कर उन्हें वहां का मॉडल समझाया। इससे पहले, सीएमओ ने सभी 23 नगरीय स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अंधता निवारण कार्यक्रम के लोगों के साथ नये नोडल अधिकारी डॉ द्विवेदी को लेकर बैठक की।
बैठक के दौरान सीएमओ ने डॉ द्विवेदी को निर्देश दिया कि सभी नगरीय स्वास्थ्य केन्द्रों पर रोस्टर के अनुसार ब्लड सैम्पल ट्रांसपोर्ट की सुविधा सुनिश्चित कराना है, ताकि लोगों को महत्वपूर्ण पैथालॉजिकल जांच की सुविधा उनके घर के नजदीक मिल सके। साथ ही ओपीडी व दवाओं की व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। किसी भी केन्द्र पर दवा की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। प्रचार-प्रसार के जरिये पुर्दिलपुर और बसंतपुर सिटी पॉली क्लिनिक का लाभ अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने का भी निर्देश दिया गया। इसी कड़ी में, राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम की बैठक के दौरान सीएमओ ने नोडल अधिकारी डॉ द्विवेदी से कहा कि मोतियाबिंद के ऑपरेशन और चश्मा वितरण की भौतिक जांच होनी चाहिए। सभी शिविरों के आयोजन शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार ही होने चाहिए।
बसंतपुर नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र पर वहां चल रहे सिटी पॉली क्लिनिक के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ भी सीएमओ ने बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि अधिकाधिक विशेषज्ञ सेवाएं लोगों तक अवश्य पहुंचे। इसके लिए प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं दी जानी चाहिए। इस अवसर पर नगरीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के समन्वयक सुरेश सिंह चौहान और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ मेघा भी मौजूद रहीं।
