*बकरीद 28 मई को मनायी जायेगी, कुर्बानी की फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें : सज्जाद अली रहमानी*

*बकरीद पर साफ-सफाई, चूना छिड़काव, बिजली-पानी और अमन-चैन की बेहतर व्यवस्था को सुनिश्चित करने की प्रशासन से मांग*

गोरखपुर। जाफरा बाजार स्थित हजरत सैयद गाजी मोमिन शीश अली शाह दरगाह शीश महल दरगाह के गद्दीनशीन एवं इंतेजामकार सज्जाद अली रहमानी ने कहा है कि इस वर्ष ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व 28 मई 2026 को अकीदत और एहतराम के साथ मनाया जायेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग ईदगाहों और जिले की विभिन्न मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा करेंगे।
उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग करते हुए कहा कि ईदगाहों, मस्जिदों और मुस्लिम बहुल इलाकों में साफ-सफाई, बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, ताकि नमाजियों और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सज्जाद अली रहमानी ने कहा कि बकरीद भाईचारे, कुर्बानी और इंसानियत का पर्व है। ऐसे में शहर में अमन, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखने के लिए प्रशासन को विशेष इंतजाम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के जानवरों के आने-जाने में किसी प्रकार की रुकावट न हो तथा 28, 29 और 30 मई को विशेष सफाई अभियान चलाया जाये।
उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें और त्योहार की पवित्रता एवं सामाजिक सौहार्द को बनाए रखें। साथ ही उन्होंने मांग की कि ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास छुट्टा जानवरों से सड़कों को मुक्त रखा जाये तथा कुर्बानी करने वालों की सुविधा के लिए मुस्लिम इलाकों में पानी के टैंकर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
रहमानी ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और खुशियों का संदेश लेकर आते हैं। हमें एक-दूसरे की खुशियों में शरीक होकर अपने शहर और प्रदेश की साझा संस्कृति और तहजीब को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से अमन, शांति और भाईचारा बनाये रखने की अपील की।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading