*‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के तहत स्वास्थ्य विभाग ने किया पौधरोपण*
सदर सांसद रवि किशन के साथ सीएमओ डॉ राजेश झा ने वनटांगिया गांव में किया पौधरोपण
सीएमओ और अधिकारियों ने सीएमओ आवास से की अभियान की शुरुआत
*गोरखपुर।* विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने भी शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के तहत वृहद पौधरोपण किया। सीएमओ डॉ राजेश झा और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने सीएमओ आवास परिसर में आधा दर्जन से अधिक पौधे लगा कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद सीएमओ ने वनटांगिया गांव का दौरा कर वहां लगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने सदर सांसद रवि किशन शुक्ल की अगुवाई में पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पौधरोपण कार्यक्रम और शिविर का आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर किया गया।
सीएमओ डॉ झा के साथ-साथ एसीएमओ डॉ नंदलाल कुशवाहा, डॉ विनय पांडेय, डॉ एनके द्विवेदी, डिप्टी सीएमओ डॉ अनिल सिंह, डॉ राजेश और डॉ अश्वनी चौरसिया सहित उपस्थित कर्मियों ने सीएमओ आवास परिसर में शुक्रवार की सुबह पौधरोपण किया। सीएमओ ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को भी कार्यालय और आवासीय परिसरों में पौधरोपण का निर्देश दिया गया है। पर्यावरण का स्वास्थ्य के साथ गहरा संबंध है। हम सभी पर्यावरण की रक्षा करेंगे तभी हमारे स्वास्थ्य की भी रक्षा होगी।
वनटांगिया गांव में सीएमओ और डिप्टी सीएमओ डॉ अनिल सिंह ने सदर सांसद को वहां चलाए जा रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया कि गांव में एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी संचालन किया जा रहा है। इससे लोगों को स्थानीय स्तर पर बीमारियों के संबंध में उचित परामर्श और दवाइयां मिल रही हैं। वहां आयोजित स्वास्थ्य शिविर के आयोजकों ने इस मौके पर सीएमओ डॉ राजेश झा और उनकी टीम को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर चरगांवा पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ बीके चौधरी और एचईओ मनोज कुमार भी मौजूद रहे।



