गोरखपुर। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं काकोरी कांड के अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल की जयंती गुरुवार को राम प्रसाद बिस्मिल पार्क में बड़े ही श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सचिव आफताब अहमद एवं शहाबुद्दीन अली के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग एवं बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के प्रसिद्ध क्रांतिकारी गीत “सरफ़रोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है ज़ोर कितना बाज़ु-ए-कातिल में है” के उद्घोष के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने उनके जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए योगदान को याद करते हुए देश के युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सचिव आफताब अहमद ने कहा कि पंडित राम प्रसाद बिस्मिल केवल एक क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि देशभक्ति, साहस और बलिदान की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। आज के युवाओं को उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर देश एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
शहाबुद्दीन अली ने कहा कि देश की स्वतंत्रता लाखों वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है। पंडित राम प्रसाद बिस्मिल का नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उनका जीवन हमें अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे शहीदों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस मौके पर बैजनाथ माली, सुमित शर्मा,
आमिर अंसारी, फैसल अली, अनूप यादव,
टीपू अली, शहाबुद्दीन अली, आफताब अहमद, विनोद विश्वकर्मा, शुभम यादव, सोनू अली, गोलू यादव, आदि लोग उपस्थित रहे!

