35 वर्षों से लंबित दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अशोक शर्मा की सेवा बहाली का उठाया मुद्दा

गोरखपुर, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर का एक प्रतिनिधिमंडल आज जिला विकास अधिकारी श्री सतीश सिंह से मिलकर गोला विकास खंड के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी श्री अशोक कुमार शर्मा की सेवा बहाली की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी की 35 वर्षों से लंबित समस्या से अवगत कराते हुए न्यायोचित कार्रवाई की मांग की।
जिला विकास अधिकारी ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि प्रकरण अत्यंत पुराना है तथा इससे संबंधित समस्त पत्रावली का गहन अध्ययन करने के उपरांत ही कोई निर्णय लिया जा सकेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले का निष्पक्ष परीक्षण कर पीड़ित कर्मचारी को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पूरी सहानुभूति कर्मचारी के साथ है।


परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1989 में श्री अशोक कुमार शर्मा की नियुक्ति चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर हुई थी, किंतु लगभग डेढ़ वर्ष की सेवा के बाद उन्हें सेवा से पृथक कर दिया गया। इसके बाद से वे लगातार अपनी सेवा बहाली के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन आज तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका।

उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी, अपने सांसद कार्यकाल के दौरान भी श्री शर्मा की सेवा बहाली के समर्थन में पत्र लिख चुके हैं। इसके अतिरिक्त राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद द्वारा भी समय-समय पर संबंधित अधिकारियों से पत्राचार किया गया। पीड़ित कर्मचारी ने मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में भी अपनी समस्या रखी थी, जिस पर मुख्यमंत्री जी ने न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था।

मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रेषित प्रार्थना पत्र पोर्टल पर दर्ज होने के बाद मामले की जांच उपनिदेशक, पंचायती राज स्तर से कराई गई। जांच के दौरान उपनिदेशक पंचायती राज ने पीड़ित कर्मचारी को जिला विकास अधिकारी, गोरखपुर से संपर्क करने का सुझाव दिया था। इसी क्रम में आज परिषद का प्रतिनिधिमंडल जिला विकास अधिकारी से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में परिषद के अध्यक्ष श्री रूपेश कुमार श्रीवास्तव, श्री मदन मुरारी शुक्ल, श्री गोविंद जी, श्री अखण्ड प्रताप सिंह, श्री अनूप कुमार, श्री इजहार अली तथा पीड़ित कर्मचारी श्री अशोक कुमार शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading