गोरखपुर में अल-ख़ैर चैरिटेबल ट्रस्ट और गुलशने रज़ा एकेडमी द्वारा 1st मुहर्रम को लगाई गई ‘अवामी सबील’

– समाज के हर तबके और हर धर्म के लोगों ने बढ़-चढ़कर दिया भरपूर सहयोग

– भीषण गर्मी में दोपहर से शाम तक मुस्तैदी से पदाधिकारियों और बच्चों ने की अवाम की सेवा

गोरखपुर। इस्लामिक नए साल 1448 हिजरी के मुबारक आग़ाज़ और 1st मुहर्रम को हज़रत उमर फ़ारूक़-ए-आज़म के उर्स के पाक मौक़े पर अल-ख़ैर चैरिटेबल ट्रस्ट और गुलशने रज़ा एकेडमी (गोरखपुर) द्वारा एक विशाल जनसेवा (ख़िदमत-ए-ख़ल्क़) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत गोरखपुर के ऐतिहासिक घंटाघर चौक पर भीषण और शिद्दत की गर्मी को देखते हुए आम जनता और राहगीरों के लिए सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक फ्री ठंडे पानी, मीठे शर्बत, पेठे और बिस्कुट का व्यापक प्रबंध (अवामी सबील) किया गया।

गंगा-जमुनी तहज़ीब की दिखी अनूठी मिसाल:
इस मुहीम की सबसे बड़ी ख़ूबसूरती यह रही कि इसमें हर उम्र और हर धर्म के लोगों का भरपूर सहयोग मिला। समाज के सभी वर्गों ने मिलकर आपसी सौहार्द, एकता और इंसानियत का एक नया उदाहरण पेश किया। बुजुर्गों और नौजवानों के साथ-साथ बच्चों ने भी इस सेवा कार्य को सफल बनाने में कमाल का जज़्बा दिखाया।

बारगाहे-अहल-ए-बैत ओ सहाबा में ख़िराज-ए-अक़ीदत:
ट्रस्ट के पदाधिकारियों व सहयोगियों ने दोपहर से लेकर शाम तक कड़कती धूप और भीषण गर्मी की परवाह न करते हुए पूरी मुस्तैदी से सेवा की। इस ख़िदमत के ज़रिए हज़रत उमर फ़ारूक़-ए-आज़म रज़ियल्लाहु अन्हु, इमाम-ए-हसन व इमाम-ए-हुसैन रज़ियल्लाहु अन्हुमा व तमाम शुहदा-ए-कर्बला की मुक़द्दस बारगाह में अक़ीदत व मोहब्बत का नज़राना (ख़िराज-ए-अक़ीदत) पेश किया गया।

  • इन्होंने निभाया मुख्य दायित्व और की खिदमत:

इस सफल आयोजन में मुख्य रूप से संस्था के सदर इंजीनियर सेराज अहमद नक्शबंदी, सेक्रेटरी शाहनवाज़ अहमद, कोषाध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद आज़म के साथ-साथ जनाब मोहम्मद अहमद, महफ़ूज़ आलम, मोहम्मद नवाज़ हसन साहब, फैयाज अहमद, मोहम्मद शानू भाई, शोभित नंदन, हाजी सुहेल कादरी, मोहम्मद सैफ़, हाफ़िज़ सलमान अशरफ़ी, जनाब सफ़रुद्दीन साहब, अब्दुल रहमान, शादाब अब्दुल क़ादिर, मोहम्मद कामरान, ज़ुबैर अहमद, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद सलीम और शुभम जी समेत कई समाजसेवियों ने अपनी निस्वार्थ सेवा दी। वहीं मो० फैजान, मो० कैफ और जीशान आदि बच्चों ने भी इस कड़कती धूप में मुस्तैद रहकर सबील पर आने वाले लोगों की खूब ख़िदमत की।

  • ट्रस्ट ने जताया आभार:
    अल-ख़ैर चैरिटेबल ट्रस्ट परिवार ने इस पहले सामाजिक कार्यक्रम की शानदार कामयाबी के बाद सभी दानदाताओं (Donors), जांबाज वॉलंटियर्स और गोरखपुर की अवाम का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया है। संस्था ने संकल्प लिया कि आगे भी अवाम के सहयोग से समाज सेवा के ऐसे कार्य लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading