*डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान के तहत एम्स गोरखपुर में आयोजित हुईं व्यापक गतिविधियां*
*गोरखपुर।* जिले में संचालित डेंगू मुक्त हॉस्टल अभियान के अंतर्गत बृहस्पतिवार की सुबह एम्स गोरखपुर परिसर में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान एम्स गोरखपुर, स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने छात्रावासों, आवासीय परिसरों तथा गेस्ट हाउस क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर लोगों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान डेंगू रोग के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं नियंत्रण के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीमों ने लोगों को बताया कि डेंगू का मच्छर साफ एवं रुके हुए पानी में पनपता है, इसलिए घरों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव नहीं होने देना चाहिए।
एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस अभियान में सोशल एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. आनंद मोहन दीक्षित तथा उनके सहयोगी डॉ. अनिल कोपेकर ने सक्रिय सहभागिता की। उन्होंने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
अभियान के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा एवं जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने एम्स गोरखपुर और नगर निगम की टीम के साथ परिसर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. झा ने कहा कि कूलर, गमलों, टंकियों तथा अन्य छोटे जलस्रोतों में जमा साफ पानी डेंगू के प्रसार का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे जलस्रोतों की नियमित सफाई करें, कूलरों का पानी सप्ताह में कम से कम एक बार अवश्य बदलें तथा अनुपयोगी पात्रों में पानी एकत्र न होने दें।
सीएमओ ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करके ही डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में विभिन्न संस्थानों और छात्रावासों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इस अवसर पर मलेरिया एवं फाइलेरिया विभाग की टीमों के साथ स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
