डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन, पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर

28 लाभार्थियों को योजनाओं के तहत चयनित कर वितरित किए गए अनुमति पत्र

गोरखपुर। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को विकास भवन सभागार में डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दुग्धशाला विकास विभाग के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कॉन्क्लेव का मुख्य उद्देश्य डेयरी और पशुपालन से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना है, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक तकनीकों को अपनाएं और दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। उन्होंने पशुपालकों से वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने और स्वरोजगार के रूप में डेयरी को मजबूत करने का आह्वान किया।

कॉन्क्लेव के दौरान विभिन्न डेयरी कंपनियों और संस्थाओं द्वारा अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इनमें श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, मदर डेयरी, पराग डेयरी और ज्ञान डेयरी प्रमुख रूप से शामिल रहीं। स्टॉलों पर दुग्ध उत्पादों के साथ-साथ डेयरी प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना एवं नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत 28 पात्र लाभार्थियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया और उन्हें अनुमति पत्र वितरित किए गए। इससे पशुपालकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर उपनिदेशक पशुपालन डॉ. वेद प्रकाश एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र पाण्डेय ने उपस्थित किसानों और पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। वहीं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बी.के. सिंह, डॉ. सुबोध और कृषि विज्ञान अधिकारी डॉ. एस.के. सिंह ने पशुओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण, चारा प्रबंधन, आधुनिक डेयरी तकनीकों और उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

बताया गया कि दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा यह कॉन्क्लेव प्रदेश के सभी 75 जिलों में आयोजित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण स्तर पर डेयरी क्षेत्र को सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक किसान डेयरी व्यवसाय से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि करें और आत्मनिर्भर बनें।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading