*पुरानी रंजिश में बिजली ठेकेदार की गोली मारकर हत्या ब्रह्मभोज में जाते समय रास्ते में घेरकर की वारदात, मौके पर मौत*




गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शनिवार शाम करीब छह बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी (55) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि अहिरौली गांव निवासी शिवकुमार त्रिपाठी शनिवार शाम गांव में आयोजित एक ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और नजदीक से गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना पर सिकरीगंज थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक करीब एक साल पहले शिवकुमार त्रिपाठी के परिवार का गांव के ही एक पक्ष से विवाद हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की हत्या भी हुई थी। अब पुलिस इस हत्याकांड को उसी पुराने विवाद से जोड़कर भी जांच कर रही है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी एक कारण पर निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार, शिवकुमार त्रिपाठी का परिवार गांव के साथ-साथ गोरखपुर शहर के गांधी नगर मोहल्ले में भी रहता है। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं।
थानाध्यक्ष सिकरीगंज अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार ने बताया कि घटना गंभीर है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए गहन जांच में जुटी है।

By Minhajalisiddiquiali

गोरखपुर up53 सीएम सिटी

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading