


गोरखपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व गोरखपुर के भगवानपुर फर्टिलाइज़र कॉलोनी स्थित केबीएस यूनिक द प्ले वर्ल्ड स्कूल में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। स्कूल के नन्हे-मुन्ने होनहार बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की खूबसूरत मिसाल प्रस्तुत की। कार्यक्रम की शानदार तैयारियां स्कूल की प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय के दिशा-निर्देश में शिक्षिका पिंकी एवं रुचिता द्वारा की गईं। जिसमे बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व और भारतीय संस्कृति में इसके विशेष स्थान के बारे में जानकारी दी गई।समारोह के दौरान होनहार छात्राओं ने पूरे उत्साह और प्रेम के साथ अपने भाइयों का तिलक कर और उनकी कलाई पर सुंदर राखी बांधी। इसके बाद बहनों ने भाइयों का मुंह मीठा कराया। भाइयों ने भी अपनी बहनों के प्रति प्रेम और स्नेह व्यक्त करते हुए उन्हें चॉकलेट एवं मिठाई भेंट की तथा बहनों की रक्षा, सम्मान और सहयोग करने का संकल्प लिया। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। उत्सव के साथ ही प्रधानाचार्या शैलजा पाण्डेय ने बच्चों को समझाया कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का त्योहार नहीं,बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम,विश्वास,सम्मान और जिम्मेदारी के मजबूत बंधन का पर्व है। प्रधानाचार्य ने यह भी कहा कि भारतीय पर्व और त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति एवं संस्कारों की पहचान हैं। स्कूल का प्रयास है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय परंपराओं,संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों से भी जोड़ा जाए। रक्षाबंधन समारोह ने स्कूल में प्रेम,उल्लास और भाईचारे का वातावरण बना दिया।
