चरगावां। ब्लॉक संसाधन केंद्र चरगावां में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण के तीसरे फेरे का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 1 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक किया गया। इसमें शिक्षकों को बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान विकसित करने के लिए प्रभावी शिक्षण विधियों और गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान भाषा एवं गणितीय दक्षताओं के विकास, गतिविधि आधारित शिक्षण, शिक्षण सामग्री के प्रभावी प्रयोग तथा बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप आकलन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को सरल, रोचक और आनंददायी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में एआरपी टीम ने प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विज्ञान एआरपी संदीप कुमार पांडेय, एआरपी अनंत द्विवेदी, पूनम दुबे, शशि चंद एवं सौरभ त्रिपाठी ने विभिन्न विषयों पर शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। ब्लॉक मंत्री उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ राजेश सिंह ने कहा कि एफएलएन का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की पढ़ने, समझने, लिखने तथा बुनियादी गणितीय अवधारणाओं को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि उन्होंने भी इस फेरे में एफएलएन प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन अवसर पर शिक्षकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे विद्यालयों में एफएलएन गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों एवं एआरपी टीम ने प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में लागू करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Discover more from Arushan News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading