*फ्रॉड में डूब गई थी उम्मीद, पुलिस ने लौटाए ₹73,501 तो छलक उठीं आंखें; गुलरिहा साइबर टीम ने बचाई मेहनत की कमाई*
गोरखपुर। ऑनलाइन ठगी का शिकार होने के बाद जब खाते से हजारों रुपये निकल जाते हैं तो पीड़ित के सामने सिर्फ चिंता और मायूसी रह जाती है। रकम वापस मिलेगी या नहीं, यह सवाल उसे लगातार परेशान करता है। लेकिन गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में साइबर फ्रॉड के एक पीड़ित की ₹73,501.10 की रकम वापस मिलने के बाद उसकी उम्मीद फिर लौट आई। रकम खाते में वापस पहुंची तो पीड़ित के चेहरे पर राहत और आंखों में खुशी साफ नजर आई।
पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से ₹80 हजार की धोखाधड़ी कर निकाले गए थे। इसके बाद उसने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 33102260043346 है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गुलरिहा की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंकों से समन्वय कर ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड कराया। कार्रवाई के दौरान कुल ₹73,501.10 की धनराशि होल्ड कराई गई। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यही रकम नियमानुसार पीड़ित के पक्ष में अवमुक्त कराकर उसके खाते में वापस करा दी गई।
रकम लौटी तो चेहरे पर लौटी मुस्कान
ऑनलाइन ठगी के बाद अक्सर पीड़ित यह मान बैठता है कि उसकी मेहनत की कमाई शायद अब वापस नहीं आएगी। ऐसे में रकम का वापस मिलना उसके लिए सिर्फ पैसे की वापसी नहीं, बल्कि टूट चुकी उम्मीद का फिर से जागना है। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने गोरखपुर पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क टीम का धन्यवाद दिया।
पुलिस के अनुसार साइबर अपराध की सूचना जितनी जल्दी पुलिस और साइबर पोर्टल पर दी जाए, ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।
यह कार्रवाई एसपी सिटी निमिष पाटिल और एसपी क्राइम के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक आयुष द्विवेदी, कांस्टेबल संतोष चौहान और आरक्षी अनीश प्रताप सिंह शामिल रहे।
