*गोरखपुर में 21 अक्टूबर से शुरू होगी यूपी स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप*
*सांसद रवि किशन करेंगे पांच कोर्ट वाली शटलएक्स बैडमिंटन एकेडमी का उद्घाटन*
*प्रदेशभर के 400 से बालक बालिका खिलाड़ी अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में दिखाएंगे दमखम*
*एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि, इसी प्रतियोगिता से होगा यूपी की सब जूनियर टीम का चयन*
गोरखपुर। गोरखपुर में पहली बार पांच कोर्ट वाली बैडमिंटन एकेडमी में प्रदेश स्तरीय सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। योनेक्स सनराइज यूपी स्टेट सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप (अंडर-15 एवं अंडर-17), 2026 का शुभारंभ 21 अक्टूबर को खोराबार स्थित शटलएक्स बैडमिंटन एकेडमी में होगा। इसी दिन एकेडमी का उद्घाटन भी किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि गोरखपुर के सदर सांसद रवि किशन होंगे। वह शाम चार बजे चैंपियनशिप का शुभारंभ करने के साथ एकेडमी का उद्घाटन करेंगे।
सोमवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में गोरखपुर जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ से संबद्ध गोरखपुर जिला बैडमिंटन संघ के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 400 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग में खेली जाएगी। इसमें एकल, युगल और मिश्रित युगल मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कुल एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता का आयोजन देवरिया रोड स्थित खोराबार की शटलएक्स बैडमिंटन एकेडमी में किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, यह गोरखपुर की पहली पांच कोर्ट वाली बैडमिंटन एकेडमी है। यहां एक साथ कई मुकाबलों के आयोजन के लिए आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रतियोगिता के आयोजन से गोरखपुर को प्रदेश स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी। स्थानीय खिलाड़ियों को प्रदेश के बेहतर खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में क्वालीफाइंग राउंड के मुकाबले होंगे, जबकि दूसरे चरण में मुख्य ड्रॉ के मैच खेले जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रदेश के अच्छे खिलाड़ियों को मुख्य ड्रॉ में प्रवेश दिया गया है, जिससे मुकाबलों का स्तर ऊंचा रहने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था भी आयोजकों की ओर से की जा रही है।
इस चैंपियनशिप का प्रायोजन सेंट ज्यूड्स स्कूल, गोरखपुर प्रधानाचार्य निदेशक डेविट सिरिल और को स्पॉन्सर एआरपी फुटवियर द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की ओर से तकनीकी अधिकारियों और अंपायरों का पैनल भेजा गया है। गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव को मुख्य निर्णायक (रेफरी) तथा सहारनपुर के मनीष कुमार को मैच कंट्रोलर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके साथ 13 अन्य अंपायर भी मुकाबलों का संचालन करेंगे। तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी में मैच निर्धारित नियमों के अनुसार कराए जाएंगे।
इस चैंपियनशिप का महत्व केवल पदक और पुरस्कार तक सीमित नहीं है। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की सब जूनियर बैडमिंटन टीम का चयन भी किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ की ओर से चयन समिति भेजी जा रही है। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 नवंबर से पांच दिसंबर 2026 तक बेंगलुरु, कर्नाटक में आयोजित होनी है। ऐसे में प्रदेशभर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए गोरखपुर की यह चैंपियनशिप राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।
प्रेस वार्ता में गोरखपुर जिला बैडमिंटन संघ सचिव राजीत श्रीवास्तव सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष सूरज भट्ट तथा सचिव अनन्तदीप मिश्रा की ओर से प्रतियोगिता के आयोजन संबंधी जानकारी दी गई। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने की तैयारियों की जानकारी भी साझा की।
